पत्नी ने प्रेमी को दी पति की सुपारी, गेंहू के खेत में मिली ट्रॉली,ट्रॉली में लाश

Swatantra Himachal
0

 उत्तर प्रदेश में पत्नियों द्वारा पतियों की हत्या के सनसनीखेज मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। मेरठ में नीले ड्रम और सांप से हत्या के बाद अब देवरिया जिले में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी को पति की हत्या की सुपारी दी और शव को ट्रॉली बैग में ठिकाने लगा दिया। पुलिस की तफ्तीश में इस हत्याकांड का खुलासा हुआ, जिसने न केवल स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया, बल्कि पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका प्रेमी फरार है।



यह घटना देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र की है, जहां गेहूं के खेत में एक ट्रॉली बैग में अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और बैग पर लगे टैग और कुछ कागजात के आधार पर मृतक की पहचान मईल थाना क्षेत्र के नौशाद अहमद के रूप में की। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि नौशाद की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। हत्या की वजह नौशाद का पत्नी के अवैध संबंधों के बीच रोड़ा बनना था। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया, लेकिन प्रेमी अभी फरार है।


नौशाद सऊदी अरब में काम करता था और एक सप्ताह पहले ही गांव लौटा था। ग्रामीणों के अनुसार, सऊदी में काम करने की वजह से उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत थी। उसने गांव से बाहर जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। लेकिन इस दौरान उसकी पत्नी के अपने भांजे के साथ अवैध संबंध बन गए। नौशाद को इसकी भनक लगी तो उसने विरोध किया। गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें फैसला हुआ कि पत्नी और उसका प्रेमी एक-दूसरे से नहीं मिलेंगे। लेकिन नौशाद के सऊदी जाने के बाद दोनों का प्रेम फिर परवान चढ़ा। नौशाद के लौटने पर वह फिर उनके रिश्ते में बाधा बना, जिसके बाद पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।


पुलिस की जांच में सामने आया कि नौशाद की हत्या के बाद पत्नी और प्रेमी ने उसके शव को उसी ट्रॉली बैग में डाला, जो वह सऊदी से लाया था। जल्दबाजी में बैग में टैग और कुछ कागजात छूट गए, जिनके आधार पर पुलिस गांव तक पहुंची और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की साजिश और प्रेमी की संलिप्तता कबूल कर ली। इस हत्याकांड ने गांव में हड़कंप मचा दिया है। नौशाद की बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह अपनी मां को कोस रही है। ग्रामीणों में भी आक्रोश है और वे कातिल पत्नी के लिए फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं।


यह मामला उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में सामने आए अन्य हत्याकांडों की कड़ी में शामिल हो गया है। मेरठ में मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ को नीले ड्रम में डाला, तो रविता ने अमरदीप के लिए पति अमित को सांप से डसवाया। औरैया में एक दुल्हन ने शादी के 15 दिन बाद ही पति की हत्या करवा दी। इन घटनाओं ने समाज में विश्वास और रिश्तों की नींव को हिलाकर रख दिया है। पुलिस अब फरार प्रेमी की तलाश में छापेमारी कर रही है और इस हत्याकांड के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। ग्रामीणों और नौशाद के परिजनों को उम्मीद है कि सभी दोषियों को जल्द सजा मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top